CG Ambulance Accident: खड़ी ट्रक में घुसी मरीज को ले जा रही एंबुलेंस, दो महिलाओं की मौत; तीन गंभीर

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। इलाज के बाद मरीज को ओडिशा ले जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बागबाहरा थाना क्षेत्र की है।
देवाशीष स्कूल के पास खड़ी ट्रक से टकराई एंबुलेंस
जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 मरीज को इलाज के बाद ओडिशा लेकर जा रही थी। इसी दौरान बागबाहरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर देवाशीष स्कूल के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़ी ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।
दो महिलाओं की मौके पर मौत, तीन लोग गंभीर घायल
हादसे में दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दो महिलाओं और एक पुरुष को गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस में फंसे घायलों और मृतकों के शवों को बाहर निकाला।
घायलों को तत्काल बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहीं, दोनों महिलाओं के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को किया गया रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है।
ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे एंबुलेंस सवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में सवार मरीज और अन्य लोग ओडिशा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की पहचान की पुष्टि की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी ट्रक से कैसे टकराई, इसकी पड़ताल की जा रही है।





