CG News: रायपुर रेलवे स्टेशन पर 300 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, भोपाल से ट्रेन के जरिए पहुंची थी खेप

रायपुर। दीपावली का त्योहार भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन नकली खाद्य पदार्थों की आवक पर रोक नहीं लग रही है। इसी कड़ी में रायपुर रेलवे स्टेशन पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 300 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया है। यह खेप मध्य प्रदेश के भोपाल से ट्रेन के जरिए रायपुर पहुंची थी। विभाग ने पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। साथ ही खेप के मालिक का भी पता लगाया जा रहा है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी विनोद गुप्ता ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर मिला पनीर संदिग्ध है। जब्त खेप में 150 किलो पनीर बालाजी एंटरप्राइजेज कंपनी का है, जबकि बाकी 150 किलो पनीर बिना किसी ब्रांड और लोगो के मिला है।
जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
अधिकारी विनोद गुप्ता के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर प्रतिबंधित है। इसी के मद्देनजर विभाग ने जब्त पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी गुणवत्ता और प्रकृति का खुलासा हो सकेगा। इसके आधार पर आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एनालॉग पनीर और डेयरी उत्पादों पर लगा है प्रतिबंध
बता दें कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार ने एनालॉग पनीर और अन्य डेयरी एनालॉग उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है। इसके बावजूद ऐसे उत्पादों की खेप राज्य में पहुंचने की कोशिशें जारी हैं। फिलहाल रायपुर रेलवे स्टेशन पर जब्त 300 किलो संदिग्ध पनीर की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।





