टेकऑफ के बाद इंडिगो फ्लाइट में आई तकनीकी खराबी, पुणे एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित; 192 यात्रियों की अटकी सांसें

पुणे। गुवाहाटी जा रही इंडिगो की फ्लाइट में रविवार सुबह उड़ान भरने के तुरंत बाद तकनीकी खराबी आ गई। विमान का लैंडिंग गियर टेकऑफ के बाद अंदर नहीं जा सका और बाहर ही रह गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुणे एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान में यात्रियों और क्रू मेंबर्स समेत कुल 192 लोग सवार थे। हालांकि, राहत की बात यह रही कि विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा ली गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
टेकऑफ के बाद अंदर नहीं गया लैंडिंग गियर
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6E 0623 रविवार सुबह पुणे से गुवाहाटी के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचना दी कि विमान का लैंडिंग गियर अंदर नहीं जा रहा है। इसके बाद तत्काल आपातकालीन प्रक्रिया शुरू की गई और पुणे एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई।
रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ाया गया विमान
पुणे एयरपोर्ट के डायरेक्टर संतोष धोके के मुताबिक, भारतीय वायु सेना (IAF) की ओर से फुल इमरजेंसी घोषित किए जाने के बाद सभी जरूरी आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा के लिए फायर सर्विस, एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया।
एहतियात के तौर पर विमान को रनवे के ऊपर कम ऊंचाई पर उड़ाया गया, ताकि बाहर से लैंडिंग गियर की स्थिति का निरीक्षण किया जा सके। इसके बाद सुबह करीब 9 बजे विमान ने पुणे एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।
तीन दमकल वाहन और दो एंबुलेंस तैनात
लैंडिंग के बाद निर्धारित आपातकालीन प्रक्रिया के तहत तीन दमकल वाहनों और दो एंबुलेंस की मदद से विमान को बे नंबर-7 तक ले जाया गया। विमान की सुरक्षित स्थिति की पुष्टि होने के बाद सुबह 9:10 बजे फुल इमरजेंसी हटा ली गई।
इसके बाद विमान में एयरोब्रिज लगाया गया और सभी 192 यात्रियों एवं क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने राहत की सांस ली। फिलहाल विमान में आई तकनीकी खराबी की जांच की जा रही है।




