#प्रदेश

कबरा हाथी को चौथे दिन भी नहीं कर पाए ट्रेंकुलाइज, ग्रामीणों में दहशत; 20 स्कूल बंद

Advertisement Carousel

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में इन दिनों हाथियों की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। उदयपुर क्षेत्र में हाथियों के विचरण और कबरा हाथी की सक्रियता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इलाके के करीब 20 स्कूलों को आगामी आदेश तक बंद कर दिया गया है। वहीं, वन विभाग की टीमें हाथियों की निगरानी के साथ कबरा हाथी को पकड़ने के अभियान में जुटी हुई हैं।

18 हाथियों का दल जंगलों के बीच कर रहा विचरण

जानकारी के मुताबिक, 18 हाथियों का एक दल तेंदुटिकरा और सरमा जंगल के बीच विचरण कर रहा है। हाथियों की लगातार आवाजाही से आसपास के गांवों में खतरे की आशंका बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी घोषित की है।

हाथियों की निगरानी में जुटा वन विभाग

हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग का अमला लगातार क्षेत्र में तैनात है। वनकर्मी हाथियों की लोकेशन पर नजर रख रहे हैं और उनके मूवमेंट को नियंत्रित करने के प्रयास कर रहे हैं। विभाग की कोशिश है कि हाथियों के दल को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर पहाड़ी और जंगल के इलाकों की ओर भेजा जा सके। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और हाथियों के करीब नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।

चौथे दिन भी ट्रेंकुलाइज नहीं हो सका कबरा हाथी

इधर, कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज कर काबू में करने का अभियान लगातार चौथे दिन भी जारी रहा, लेकिन वन विभाग को अब तक सफलता नहीं मिली है। लगातार कोशिशों के बावजूद हाथी को बेहोश कर पकड़ना संभव नहीं हो पाया है। ऐसे में वन विभाग की चुनौती बढ़ गई है। फिलहाल पूरा अमला अलर्ट पर है और क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।