#प्रदेश

Cyclone Akwan : ओडिशा के गोपालपुर तट से टकराया चक्रवात ‘अकवान’, 80 की रफ्तार से चली हवाएं; 3.72 लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए

Advertisement Carousel

भुवनेश्वर/रांचीः चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने शुक्रवार सुबह ओडिशा के गोपालपुर के पास तट पर दस्तक दी। पिछले 24 दिनों के भीतर ओडिशा तट से टकराने वाला यह तीसरा समुद्री तूफान है। हालांकि, प्रशासन की पहले से की गई तैयारियों और समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के कारण किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। अब तट से टकराने के बाद तूफान कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया है।

आंध्र की बजाय ओडिशा की ओर मुड़ा तूफान

मौसम वैज्ञानिकों ने शुरुआत में चक्रवात अकवान के आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान जताया था, लेकिन बाद में इसकी दिशा बदल गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के शुक्रवार सुबह 11:20 बजे जारी बुलेटिन के मुताबिक, तूफान सुबह 7:30 से 8:30 बजे के बीच गोपालपुर के समीप दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों को पार कर गया।

इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि हवा के झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। तट पार करने के बाद इसकी तीव्रता में कमी आई है।

ओडिशा समेत चार राज्यों में बारिश का अलर्ट

चक्रवात के प्रभाव से ओडिशा के अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हो रही है। ओडिशा में भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। गंजाम जिले के पात्रापुर में सर्वाधिक 209 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र के अनुसार, दक्षिणी ओडिशा में भारी बारिश के बाद अब राज्य के उत्तरी हिस्सों में भी तेज बारिश होने की संभावना है। हालांकि, शनिवार से बारिश की तीव्रता में कमी आने का अनुमान है। मौसम विभाग ने ओडिशा के 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, मछुआरों को शनिवार तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

3.72 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

चक्रवात के संभावित खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने व्यापक स्तर पर राहत और बचाव की तैयारी की थी। संवेदनशील इलाकों से करीब 3.72 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए 423 टीमें तैनात की गई हैं। इसके अलावा प्रभावित लोगों के अस्थायी ठहराव के लिए 9,341 आश्रय स्थलों की व्यवस्था की गई है।

प्रशासन की सतर्कता और समय रहते किए गए इंतजामों के चलते चक्रवात के तट से टकराने के बावजूद अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।