Chhattisgarh: लंबे इंतजार के बाद फिर शुरू होगा CM विष्णुदेव साय का जनदर्शन, 26 नवंबर को जनता से होंगे रूबरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लंबे अंतराल के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एक बार फिर जनदर्शन कार्यक्रम के जरिए आम जनता से सीधे संवाद करेंगे। 26 नवंबर को राजधानी रायपुर के सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा।
इस दौरान प्रदेशभर से आने वाले नागरिक मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं, मांगें और सुझाव रख सकेंगे। मुख्यमंत्री साय आम लोगों की शिकायतों और आवेदनों को सुनेंगे तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे।
मौके पर मौजूद रहेंगे विभागीय अधिकारी
जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लेकर समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा सके। लंबे समय बाद आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम से आम लोगों को अपनी बात सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
26 नवंबर को मुख्यमंत्री निवास में होने वाले जनदर्शन को लेकर लोगों में उम्मीद है कि उनकी लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल होगी।




