#प्रदेश

Chhattisgarh Politics: तीन तूफानों से 80% किसान प्रभावित! दीपक बैज ने पूछा- कहां है सरकार का सर्वे, कब मिलेगा मुआवजा?

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश और लगातार आ रहे चक्रवाती तूफानों ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में खड़ी फसल से लेकर कटाई के बाद रखे धान तक को नुकसान पहुंचा है। इस मुद्दे पर अब प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। शनिवार को रायपुर स्थित राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 24 दिनों में प्रदेश ने तीन तूफानों का सामना किया है और करीब 80 प्रतिशत किसान प्रभावित हुए हैं, लेकिन सरकार अब तक फसल नुकसान का सर्वे शुरू नहीं करा पाई है।

दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में किसानों की मेहनत पर प्राकृतिक आपदा ने पानी फेर दिया है। कहीं खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हो गई, तो कहीं काटकर रखी गई फसल बारिश की भेंट चढ़ गई। धान खरीदी केंद्रों में भी बारिश के कारण धान भीगने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि बस्तर में बाढ़ जैसे हालात बने और लाखों हेक्टेयर में फसल प्रभावित हुई है। इसके बावजूद सरकार की ओर से किसानों को राहत देने के लिए ठोस पहल नहीं की गई है।

सर्वे को लेकर सरकार पर तंज, कर्जमाफी की उठाई मांग

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने फसल नुकसान के आकलन में देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पटवारी हड़ताल पर हैं, तो आखिर नुकसान का सर्वे कौन करेगा? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार जमीन पर सर्वे कराने के बजाय मुंह से ही सर्वे करने का काम कर रही है।

बैज ने कहा कि किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी। प्राकृतिक आपदा ने उनकी फसल के साथ खेती में लगाई गई पूंजी को भी नुकसान पहुंचाया है। ऐसे में सरकार को प्रभावित किसानों का कर्ज माफ करना चाहिए और नुकसान के अनुपात में उचित मुआवजा देना चाहिए। कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है और उनकी मांगों का समर्थन करती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन महामंत्री मलकीत सिंह और पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू भी मौजूद रहे।

धान खरीदी व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

धान खरीदी को लेकर भी दीपक बैज ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों से धान खरीदने को लेकर गंभीर नहीं है। एक तरफ किसान मौसम की मार से परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ खरीदी केंद्रों में धान भीगने से उनकी मुश्किलें और बढ़ रही हैं। उन्होंने सरकार से खरीदी केंद्रों में तत्काल उचित व्यवस्था करने और किसानों को नुकसान से बचाने की मांग की।

छत्तीसगढ़ की अस्मिता के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ की भाषा, बोली, संस्कृति और अस्मिता से जुड़े विवाद को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसी को भी छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और आस्था का अपमान करने का अधिकार नहीं है। प्रदेश की एकता और अखंडता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

बैज ने आरोप लगाया कि इस मामले में एक दर्जन से अधिक थानों में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सवाल किया कि आखिर सरकार इस मामले में चुप क्यों है? कार्रवाई करने की जिम्मेदारी सरकार की है। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा, क्या सरकार चूड़ी पहनकर बैठ गई है?

मधुबाला गिरी के वीडियो को लेकर प्रदेश में विवाद

दरअसल, मधुबाला गिरी का एक वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश में विवाद गहरा गया है। वीडियो में छत्तीसगढ़ के अस्तित्व को लेकर सवाल उठाने और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप लगे हैं। इसमें चप्पल से मारने जैसी टिप्पणी भी सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। इस मामले को लेकर विभिन्न स्थानों पर विरोध और शिकायतों का सिलसिला जारी है।

दीपक बैज ने राज्य सरकार से इस पूरे मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता और यहां के लोगों के सम्मान से जुड़े विषयों पर सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए।