कांकेर में GST की असिस्टेंट कमिश्नर रिश्वत लेते गिरफ्तार, डेढ़ लाख की डील में ACB ने बिछाया जाल

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए GST विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने एक कबाड़ी कारोबारी की गाड़ी छोड़ने के एवज में डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। रायपुर और जगदलपुर की ACB टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अधिकारी को रिश्वत लेते पकड़ा। इस मामले में रकम पहुंचाने वाले सहयोगी इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया है।
गाड़ी छोड़ने के बदले मांगी थी डेढ़ लाख की रिश्वत
मामला कांकेर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर का है। जानकारी के मुताबिक, कांकेर में पदस्थ GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी के खिलाफ कबाड़ी कारोबारी मोहम्मद शौएब रंगरेज ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उनकी गाड़ी को रोककर छोड़ने के एवज में अधिकारी ने रिश्वत की मांग की है। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत कार्रवाई की।
10 लाख रुपए की पेनाल्टी का बनाया था दबाव
शिकायतकर्ता मोहम्मद शौएब रंगरेज के अनुसार, 18 नवंबर को उनकी गाड़ी स्क्रैप लेकर जा रही थी। गाड़ी के पास बिल होने के बावजूद उसे रोक दिया गया। कारोबारी का आरोप है कि GST अधिकारी ने गाड़ी जब्त करने और कार्रवाई करने की धमकी देते हुए 10 लाख रुपए की पेनाल्टी मांगी थी, जबकि लोड माल की कीमत करीब 3 लाख रुपए थी।
व्यापारी के मुताबिक, मामला निपटाने के लिए शुरुआत में 2 लाख रुपए मांगे गए। बाद में डेढ़ लाख रुपए में सौदा तय हुआ। इसमें से 50 हजार रुपए पेनाल्टी के रूप में काटने और शेष रकम घर पहुंचाने की बात कही गई थी।
सहयोगी इमरान मेमन भी गिरफ्तार
ACB की जांच में इमरान मेमन की भूमिका सामने आई। आरोप है कि GST अधिकारी ने कारोबारी से रिश्वत की रकम इमरान मेमन के माध्यम से मंगवाई थी। इसके बाद ACB ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। इमरान मेमन (30) कांकेर के संजयनगर का निवासी बताया गया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
विभागीय महकमे में मचा हड़कंप
रायपुर और जगदलपुर की संयुक्त ACB टीम की इस कार्रवाई के बाद GST विभाग में हलचल मच गई है। फिलहाल मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।




