CG News: नंदकुमार साय की बिगड़ी तबीयत, CM विष्णुदेव साय हेलीकॉप्टर से लेकर पहुंचे रायपुर, बालाजी अस्पताल में इलाज की व्यवस्था

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्व सांसद और वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के स्वास्थ्य को लेकर संवेदनशीलता दिखाई है। पैर में चोट लगने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुख्यमंत्री अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर पहुंचे। यहां उनके उपचार के लिए बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई है। चोट के कारण उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी।
रात में घर पहुंचकर CM ने जाना हालचाल
मुख्यमंत्री ने बताया कि कल जशपुर प्रवास के दौरान उनके निवास के पास ही एक कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला था। इस दौरान रात में वे नंदकुमार साय के निवास पहुंचे और उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।
सीएम ने कहा कि आज उन्हें रायपुर लौटना था। ऐसे में नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर ले आए, ताकि उन्हें सड़क मार्ग से लंबी यात्रा करने में परेशानी न हो और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
बालाजी अस्पताल में इलाज की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि नंदकुमार साय के बेहतर उपचार के लिए रायपुर के बालाजी अस्पताल में व्यवस्था की गई है। उनकी चोट को देखते हुए चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की गई है।
धान खरीदी पर कांग्रेस के आरोपों को CM ने नकारा
वहीं, धान खरीदी को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि इन आरोपों में कोई सत्यता नहीं है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेश में अब कुल 3100 धान खरीदी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।




