#प्रदेश

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम, उत्तर के जिलों में बढ़ेगी ठिठुरन; 4 डिग्री तक लुढ़केगा पारा

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब मौसम का रुख बदलने लगा है। चक्रवात अकवान का प्रभाव कम होने के साथ ही प्रदेश में बारिश की गतिविधियां लगभग बंद हो गई हैं। इसके बाद अब ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के दौरान उत्तरी छत्तीसगढ़ के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का अनुमान जताया है। ऐसे में सरगुजा संभाग सहित उत्तर के जिलों में सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस हो सकती है। हालांकि, मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

बारिश की रफ्तार थमी, अब शुष्क रहेगा मौसम

पिछले कुछ दिनों से चक्रवात के प्रभाव के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ था। सोमवार को भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई, लेकिन अब इसका असर काफी कम हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

सोमवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान के मामले में भी जगदलपुर 16.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे कम रहा।

राजधानी रायपुर में बादलों की आवाजाही

मंगलवार, 24 नवंबर को रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

गरियाबंद सबसे गर्म, बस्तर में सबसे कम न्यूनतम तापमान

23 नवंबर को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में न्यूनतम तापमान में अंतर देखने को मिला। गरियाबंद में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद रायपुर में 20.4, बालोद और बलरामपुर में 20.1 तथा बिलासपुर में 20 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

कोरबा में 19.8, राजनांदगांव और सूरजपुर में 19.5, कबीरधाम में 19.3, पेमेतरा में 19, मुंगेली में 18.6 और दुर्ग में 18.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। वहीं, सक्ती और सरगुजा में 18, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 17.8 और बस्तर में 16.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

उत्तर छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी ठंड, बाकी हिस्सों में राहत

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। ऐसे में बारिश की संभावना कम है। अगले तीन दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ में पारा 2 से 4 डिग्री तक नीचे जा सकता है। दूसरी ओर, मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रहने का अनुमान है। यानी प्रदेश के उत्तरी हिस्से में ठंड का असर बढ़ेगा, जबकि बाकी इलाकों में मौसम फिलहाल सामान्य बना रहेगा।