#राष्ट्रीय

फ्लाइट में यात्री की दबंगई! अबू धाबी से कोच्चि आ रही इंडिगो की उड़ान में सह-यात्री पर बेल्ट से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

Advertisement Carousel

कोच्चि। अबू धाबी से कोच्चि आ रही इंडिगो की फ्लाइट में यात्रियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। एक यात्री ने कथित तौर पर अपने सह-यात्री के साथ मारपीट की और बेल्ट से उसका गला कसने की कोशिश की। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात मंगलवार शाम करीब 7 बजे उड़ान संख्या 6E1404 में हुई।

सीट को लेकर हुआ विवाद, यात्री को मारा मुक्का

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रोशन मार्टिन वायट्टिला का रहने वाला है, जबकि पीड़ित यूसुफ त्रिशूर का निवासी है। एफआईआर में दर्ज जानकारी के अनुसार, घटना के समय मार्टिन सीट नंबर 30D और यूसुफ सीट नंबर 31B पर बैठे थे।

आरोप है कि विवाद के दौरान मार्टिन ने यूसुफ के चेहरे पर मुक्का मार दिया, जिससे उसका चश्मा टूट गया और दाईं आंख के पास चोट आई। इसके बाद हाथापाई के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपनी बेल्ट निकाली और यूसुफ के गले में कस दी।

शराब के नशे में होने की आशंका खारिज

नेडुम्बसेरी पुलिस ने बताया कि आरोपी के शराब के नशे में होने की आशंका को खारिज किया गया है। शुरुआती तौर पर पुलिस को विवाद की वजह अहंकार का टकराव यानी ईगो क्लैश लग रही है। मामले में पीड़ित की ओर से आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, पीड़ित के खिलाफ कोई जवाबी शिकायत नहीं मिली है।

बीएनएस की दो धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर रोशन मार्टिन को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) और 118(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। ये धाराएं जानबूझकर चोट पहुंचाने और खतरनाक हथियार या साधन के इस्तेमाल से चोट पहुंचाने से संबंधित हैं।

पुलिस के अनुसार, जल्द ही शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया जाएगा। इसके आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।