अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’, 25 लाख युवाओं को नौकरी और बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार देने का वादा

0 संविधान दिवस पर लखनऊ में जारी हुआ ‘पीडीए का प्रणपत्र’, आजम खान बोले- अब मैं अखिलेश के साथ हूं, जेल की जिंदगी मौत से भी बदतर थी
लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने आगामी चुनावों को लेकर अपना चुनावी एजेंडा सामने रख दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ में जनसभा के दौरान चुनावी घोषणापत्र जारी किया। सपा ने इसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ और ‘पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया है। घोषणापत्र में युवाओं, महिलाओं, किसानों और कर्मचारियों को लेकर कई बड़े वादे किए गए हैं।
आजम खान का छलका दर्द, बोले- अंग्रेजों से भी बुरा बर्ताव हुआ
जनसभा में सपा सरकार में मंत्री रहे आजम खान ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए जेल में बिताए वक्त का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था, जब उन्हें और उनके बेटे को एनकाउंटर का डर सता रहा था। दोनों को अलग-अलग गाड़ियों में लाया गया था। आजम खान ने कहा कि जेल की जिंदगी मौत से भी बदतर थी और उनके साथ अंग्रेजों से भी बुरा व्यवहार किया गया।
उन्होंने राजनीतिक रुख स्पष्ट करते हुए कहा, ”हम वोट कटवा नहीं, वोट जुड़वा हैं। अब मैं अखिलेश के साथ हूं।”
25 लाख युवाओं को नौकरी, बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार
घोषणापत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अच्छे दिन तो नहीं आए, लेकिन अब बुरे दिन जाने वाले हैं। पार्टी ने युवाओं और बेरोजगारों के लिए बड़े वादे किए हैं। इनमें 25 लाख युवाओं को नौकरी देने और बेरोजगारों को हर महीने 5 हजार रुपये देने का वादा प्रमुख है।
महिलाओं और कर्मचारियों के लिए भी बड़े ऐलान
समाजवादी पार्टी ने महिलाओं, किसानों और सरकारी कर्मचारियों को ध्यान में रखते हुए कई घोषणाएं की हैं। इनमें महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने, स्त्री समृद्धि योजना शुरू करने, आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर स्थायी नौकरी देने और पुरानी पेंशन योजना लागू करने जैसे वादे शामिल हैं।
इसके अलावा भर्तियों में आरक्षण का पूरा लाभ सुनिश्चित करने और गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान करने का भी वादा किया गया है।
2022 के घोषणापत्र में किए थे ये वादे
इससे पहले वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणापत्र में कई बड़े वादे किए थे। इनमें 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों की कर्जमाफी और युवाओं को लैपटॉप वितरण जैसे वादे शामिल थे। अब नए घोषणापत्र के जरिए पार्टी ने एक बार फिर रोजगार, महिला कल्याण, किसान हित और सामाजिक न्याय को अपने चुनावी एजेंडे के केंद्र में रखा है।




