#प्रदेश

CGPSC Chairman Appointment: अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी पर हाईकोर्ट सख्त, 14 दिसंबर तक मांगी प्रगति रिपोर्ट; 608 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू अटके

Advertisement Carousel

 

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति में हो रही देरी को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। हाईकोर्ट ने राज्य शासन और आयोग को नोटिस जारी कर 14 दिसंबर तक नियुक्ति प्रक्रिया की स्थिति स्पष्ट करने और विस्तृत प्रगति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने साफ कहा है कि नियुक्ति में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित समय-सीमा में प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर कठोर कदम उठाए जा सकते हैं।

नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में, फिर भी अटका मामला

सुनवाई के दौरान राज्य शासन की ओर से अदालत को बताया गया कि CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वहीं, अध्यक्ष का पद रिक्त होने के कारण मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के इंटरव्यू भी लंबित हैं।

इस पर याचिकाकर्ता की ओर से सुझाव दिया गया कि नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति होने तक कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति कर इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है।

26 अक्टूबर के आदेश के बाद भी नियुक्ति नहीं होने पर नाराजगी

हाईकोर्ट ने 26 अक्टूबर को दिए गए आदेश के बावजूद अब तक अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने पर नाराजगी जताई। कोर्ट ने राज्य शासन और आयोग को 14 दिसंबर को नियुक्ति प्रक्रिया की प्रगति के साथ लंबित इंटरव्यू की स्थिति पर भी विस्तृत रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। अब इस मामले में अगली सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

सितंबर से खाली है अध्यक्ष का पद

CGPSC में नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति लंबे समय से नहीं हुई है। आयोग पिछले तीन वर्षों से कार्यकारी अध्यक्ष के भरोसे काम कर रहा था। पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष रीता शांडिल्य का कार्यकाल 8 सितंबर 2026 को समाप्त हो गया। इसके बाद से आयोग में न तो नियमित अध्यक्ष है और न ही कार्यकारी अध्यक्ष। इसका असर भर्ती प्रक्रियाओं और आयोग से जुड़े महत्वपूर्ण फैसलों पर पड़ रहा है।

150 से 155 पदों पर भर्ती का विज्ञापन अटका

अध्यक्ष का पद खाली होने का असर नई भर्तियों पर भी दिखाई दे रहा है। आयोग इस वर्ष 26 नवंबर को राज्य सेवा परीक्षा-2026 का विज्ञापन जारी नहीं कर सका। जानकारी के अनुसार, करीब 150 से 155 पदों पर भर्ती का विज्ञापन तैयार है। इसमें डिप्टी कलेक्टर के 10 और डीएसपी के 5 पद शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि अध्यक्ष की नियुक्ति और उनके हस्ताक्षर के बाद ही भर्ती विज्ञापन जारी हो सकेगा। ऐसे में हजारों युवाओं को नई भर्ती का इंतजार करना पड़ रहा है।

608 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू पर भी संकट

CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होने से राज्य सेवा परीक्षा-2025 की भर्ती प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है। 265 पदों पर भर्ती के लिए मुख्य परीक्षा पास कर चुके 608 अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू लंबित है।

इसके अलावा पुलिस विभाग की एसआई भर्ती परीक्षा और करीब 5 हजार सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति से जुड़े मामले भी अटके हुए हैं। पदोन्नति में देरी के कारण पात्र कर्मचारियों को मिलने वाले वित्तीय और सेवागत लाभ प्रभावित हो रहे हैं।

अब 14 दिसंबर की सुनवाई अहम: हाईकोर्ट के निर्देश के बाद राज्य सरकार और CGPSC को नियुक्ति प्रक्रिया पर जवाब देना होगा। ऐसे में अब अभ्यर्थियों और सरकारी कर्मचारियों को उम्मीद है कि अध्यक्ष की नियुक्ति का रास्ता जल्द साफ होगा और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को गति मिलेगी।