Close

बड़ा हादसा : घने कोहरे के कारण यमुना एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा; दो बसों में हुई भीषण टक्‍कर, 40 यात्री घायल

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा में घने कोहरे की वजह से एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां आज सुबह तीन बजे दो बसों में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में करीब 40 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनका इलाज चल रहा है।

यह हादसा यमुना एक्सप्रेस वे पर मथुरा के पास माइल स्टोन-110 राया कट पर हुआ। जहां सुबह करीब 3 बजे दो बसें आपस में टकरा गईं। हादसे के बाद 31 घायलों को जिला अस्पताल में और 9 अन्य घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक, एक बस धौलपुर से नोएडा जा रही थी और दूसरी बस इटावा से नोएडा जा रही थी। घने कोहरे की वजह से दोनों बसों की टक्कर हो गई और 40 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर काफी लंबा जाम लग गया। हादसे की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचा कर जाम खुलवाया और यातायात सुचारू रूप से चालू हो गया है।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान
मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे की जानकारी पर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मथुरा सड़क हादसे में घायल हुए यात्रियों को तत्काल समुचित इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिम्मेदार अधिकारियों को भी तुरंत मौके पर जाने को कहा है, ताकि राहत एवं बचाव कार्य के साथ घायलों का बेहतर तरीके से इलाज हो सके।

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस भीषण ठंड ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। पूरा प्रदेश शीतलहर (Cold Wave) की चपेट में है। तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। कई जिलों में कोल्ड डे (Cold Day) जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक इस भीषण ठंड से राहत नहीं मिलेगी। अगले दो दिन तक लखनऊ सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिम उत्तर प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप रहने का अनुमान है। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

scroll to top