रायपुर। ग्राम छेरकाडीह के लिए आज का यह दिन ऐतिहासिक है कारण कि आप सभी ने मिलकर एक सुंदर भव्य राम जानकी मंदिर का निर्माण किया है। यहां लोग आकर दर्शन पूजन करके अपना जीवन कृतार्थ करेंगे। यह बातें जैतू साव मठ के महन्त रामसुन्दर दास महाराज ने नागरिकों को संबोधित करते हुए अभिव्यक्त किया। विदित हो कि जैतू साव मठ पुरानी बस्ती रायपुर के गांव छेरकाडीह(पलारी )में ग्राम वासियों के द्वारा भव्य श्री राम जानकी मंदिर का निर्माण किया गया है। इसके प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 22 जनवरी 2025 को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री महन्त जी महाराज तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में महेंद्र अग्रवाल जी एवं अजय तिवारी उपस्थित हुए। ग्राम वासियों ने अतिथियों का स्वागत भजन -कीर्तन के साथ किया। मंदिर में दर्शन- पूजन के उपरांत लोगों को अपना आशीर्वचन प्रदान करते हुए महन्त महाराज ने कहा कि जैतू साव मठ अपने सामाजिक एवं आध्यात्मिक उत्तरदायित्व का निरंतर निर्वाह करते आ रहा है। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में भी इस मठ ने देश की आजादी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
महेंद्र अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि आप लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए हम लोगों ने मंदिर निर्माण में एक लाख इक्यावन हजार रुपए का सहयोग किया है। जब भी हमारे लायक कोई कार्य होगा उसे हम निरंतर पूरा करेंगे। अजय तिवारी ने कहा कि -प्रभु की कृपा है अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के वर्षगांठ के अवसर पर यहां मंदिर स्थापित हुआ है। आप सबको शुभकामनाओं सहित बधाई। लोगों को आचार्य रुपेश महाराज ने भी संबोधित किया और कहा कि- जिसपर भगवान की कृपा होती है उसपर सभी लोग कृपा करते हैं। मंच में गंगाराम साहू, निर्मल दास वैष्णव मंचस्थ थे। इस अवसर पर पंच, सरपंच, कीर्तन मंडली एवं महिला समूह के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।