Close

यूपी चुनाव के तीसरे चरण के रण में भूपेश बघेल

bhupesh baghel

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रचार कर रहे हैं। दो दिनों से कानपुर-बुंदेलखंड के रण में कांग्रेस उम्मीदवारों का प्रचार करते घूम रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को सोशल मीडिया एकाउंट से लिखा, अमित शाह ने यूपी चुनाव के पहले और दूसरे चरण में योगी को निपटा दिया है। छठें और सातवें चरण में नरेंद्र मोदी निपटाएंगे। देखना यह है कि दोनों को योगी निपटाते हैं या दोनों मिलकर योगी को।

चुनाव के तीसरे चरण वाले क्षेत्रों में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का प्रचार अभियान रविवार को कानपुर शहर की गोविंदनगर सीट से शुरू हुआ। किदवईनगर और सिकंदरा की जनसभाओं और डोर-टू-डोर कैंपेन के बाद शाम को भूपेश बघेल झांसी पहुंच गए। वहां पहुंचते ही वे सबसे पहले झांसी के किले पहुंचे। वहां वे किले की प्राचीर पर उस जगह पहुंचे जहां से महारानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजों का घेरा तोड़कर घोड़े के साथ छलांग लगाई थी। मुख्यमंत्री ने वहां फूल चढ़ाकर उन्होंने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। शाम को झांसी के एक होटल में स्थानीय व्यापारियों के साथ उन्होंने संवाद किया। बाद में उन्होंने कहा, व्यापारी कह रहे हैं कि इस बार हाथ के पंजे की बटन दबेगी। जिसकी लाइट झांसी में जलेगी लेकिन आवाज दिल्ली तक जाएगी और सरकार लखनऊ में बदलेगी। सोमवार सुबह कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल झांसी की गलियों में उतर गए। उन्हें रानी महल से एलिट चौराहे तक पैदल जाकर उम्मीदवार के लिए वोट मांगे।

ललितपुर और झांसी जिलों की दूसरी विधानसभाओं में भी कार्यक्रम

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल झांसी से दतिया पहुंचे। वहां से ललितपुर जिले के मेहरौनी विधानसभा पहुंचे। यहां अर्जुन खिरिया में एक जनसभा हुई। वहीं घर-घर जाकर प्रचार हुआ। मुख्यमंत्री वहां से झांसी के गरउथा विधानसभा क्षेत्र पहुंचने वाले हैं। वहां भी प्रचार होगा। शाम तक मुख्यमंत्री वापस झांसी पहुंच जाएंगे।

मोदी-शाह, अखिलेश और प्रियंका भी इसी क्षेत्र में

सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी भी इसी क्षेत्र में प्रचार कर रहे हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री कानपुर देहात में एक जनसभा कर रहे हैं। अमित शाह कानपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक करने वाले हैं। प्रियंका गांधी की कालपी में रोड शो है। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव महोबा पहुंच रहे हैं।

कांग्रेस के लिए चुनौती है यह क्षेत्र

उत्तर प्रदेश में चुनाव के तीसरे चरण के इस क्षेत्र में 59 सीटें आती हैं। ये सीटें कानपुर शहर, कानपुर देहात, कासगंज, हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, फरुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरेया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जिले में आती हैं। 2017 के चुनाव में भाजपा ने यहां से 49 सीटें जीती थीं। 9 सीटों पर समाजवादी पार्टी जीती। वहीं कानपुर कैंट की एक सीट कांग्रेस के खाते में आई। अब 20 फरवरी को इस क्षेत्र में मतदान होना है।

 

 

यह भी पढ़ें- राज्यपाल ने आत्मानंद स्कूलों में शिक्षक भर्ती में स्थानीय निवासी की अनिवार्यता को शिथिल करने संबंधी प्रस्ताव पर किए हस्ताक्षर

One Comment
scroll to top