Close

नितिन पोटाई बनें कांग्रेस न्याय अभियान समिति के बस्तर समन्वयक, कहा-कांग्रेस का घोषणा-पत्र देश की जनता की आवाज है

कांकेर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा देश में हो रहे लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में कांग्रेस पार्टी के पांच न्याय के तहत 25 गारण्टी को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में अभियान चलाने हेतु लोकसभा न्याय अभियान समन्वयकों की नियुक्ति की है जिसमें बस्तर लोकसभा क्षेत्र के लिए कांकेर के वरिष्ठ कांग्रेसी पूर्व अजजा आयोग सदस्य एवं वनोपज संघ के अध्यक्ष नितिन पोटाई को जवाबदारी सौंपी गई है।
नव नियुक्त बस्तर लोकसभा के समन्वयक नितिन पोटाई ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रथम चरण के चुनाव हेतु देश के कुल 74 लोकसभा क्षेत्र हेतु न्याय अभियान समन्वयकों की नियुक्ति की है। इन न्याय समन्वयकों के द्वारा प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर बैठक आयोजित कर विशिष्ट हित समूह से संबंधित 200-200 व्यक्तियों को इस अभियान के लिए प्रशिक्षित किया जायेगा। इनका प्रमुख कार्य कांग्रेस पार्टी के पांच न्याय युवा न्याय गारण्टी, नारी न्याय गारण्टी, किसान न्याय गारण्टी, श्रमिक न्याय गारण्टी एवं हिस्सेदारी न्याय गारण्टी का प्रचार-प्रसार किया जायेगा।

इस न्याय अभियान समिति के तहत अनुसूचित जाति , अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारियों के साथ प्रत्येक ब्लॉक में न्याय समिति का गठन होगा जिसके पदाधिकारी गाँव-गांव एवं घर-घर जाकर कांग्रेस पार्टी के पांच न्याय के तहत 25 गारण्टी का प्रचार-प्रसार करेगे। नितिन पोटाई ने आगे बताया कि कांग्रेस पार्टी द्वारा बनाया गया चुनावी घोषणा-पत्र एवं गारण्टी महज चुनावी दस्तावेज नहीं है बल्कि यह भारत के करोड़ो देशवासियों के साथ हुए संवाद से निकला रोड़ मैप है जो रोजगार क्रांति और अधिकारपूर्ण भागीदारी के माध्यम से हर वर्ग का जीवन बदलने जा रहा है दूसरे शब्द में कंहू तो यह देश की जनता की आवाज है जिसे राहुल गांधी ने भारत जोड़ों यात्रा एवं भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत देश के करोड़ों व्यक्तियों से संवाद एवं उनकी समस्याओं जानने के पश्चात बहुत सोच समझकर तैयार किया गया है जिसके भविष्य में दुरगामी परिणाम देखने को मिलेंगे।

बस्तर लोकसभा के न्याय अभियान समिति के समन्वयक नितिन पोटाई अपने साथियों के साथ बस्तर लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा का प्रचार-प्रसार करने एवं उसे विजय बनाने हेतु कांग्रेस के घोषणा-पत्र के अनुसार पांच न्याय एवं 25 गारण्टी को घर-घर तक पहुंचाने के लिए अपनी पूरी क्षमता लगा देंगे।
बस्तर लोकसभा के न्याय समन्वयक बनने पर नितिन पोटाई ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, एसटी., एससी, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक के.राजू साहब, एस.सी. विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश लिलोठिया, एसटी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवाजी राव मोघे, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक पवन रात्रे के प्रति आभार व्यक्त किया है तथा विश्वास दिलाया है कि वे उन्हें सौपी गई जिम्मेदारी को पूर्ण निष्ठा के साथ पालन करेंगे।

scroll to top