कोरिया में दर्दनाक सड़क हादसा: दो अर्टिगा कारों की भिड़ंत में 1 की मौत, 6 घायल

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में एनएच-43 स्थित जमगहना मोड़ के पास सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां दो अर्टिगा कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पांच लोगों का इलाज जारी है। वहीं एक गंभीर घायल को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में से एक अर्टिगा पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के CMHO का बोर्ड लगा हुआ था। फिलहाल पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा। एक ही दिन में जिले में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत से क्षेत्र में चिंता और शोक का माहौल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।





