नेपाल में बालेन शाह सरकार के खिलाफ बड़ा जनआंदोलन, काठमांडू से सिंह दरबार तक फैला विरोध

इंटरनेशनल न्यूज़। नेपाल में प्रधानमंत्री बालेन शाह की सरकार के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। सरकार बने अभी एक महीना भी नहीं हुआ है, लेकिन काठमांडू सहित कई शहरों में छात्र, राजनीतिक दल और आम नागरिक सड़कों पर उतर आए हैं।
प्रदर्शन अब केवल सड़कों तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि राजधानी के प्रशासनिक केंद्र सिंह दरबार तक पहुंच चुके हैं, जिससे हालात गंभीर होते नजर आ रहे हैं।
विरोध की एक प्रमुख वजह सरकार का वह निर्णय है, जिसमें भारत से आने वाले 100 रुपये से अधिक मूल्य के सामान पर कस्टम ड्यूटी अनिवार्य कर दी गई है। सीमा क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का कहना है कि यह फैसला उनकी रोजमर्रा की जिंदगी पर सीधा असर डाल रहा है और इससे आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
इसके अलावा छात्र संगठनों को लेकर सरकार के रुख पर भी नाराजगी जताई जा रही है। आरोप है कि सरकार राजनीतिक दलों से जुड़े छात्र संगठनों को कमजोर करने या खत्म करने की कोशिश कर रही है। छात्रों ने इसे दमनकारी कदम बताते हुए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
प्रदर्शन में देशभर से हजारों छात्र शामिल हो चुके हैं। कई जगहों पर छात्र स्कूल यूनिफॉर्म में नारेबाजी करते नजर आए, जिससे आंदोलन की व्यापकता का अंदाजा लगाया जा रहा है।
इसी बीच गृह मंत्री सुदान गुरूंग पर आय से अधिक संपत्ति और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के आरोप भी सामने आए हैं। विपक्ष और प्रदर्शनकारियों ने उनके इस्तीफे की मांग तेज कर दी है। आरोपों को लेकर नेपाली मीडिया में भी चर्चा बनी हुई है।
फिलहाल देश में राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है और सरकार व प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है।




