Close

ओपी पॉल होंगे रायपुर के नए आईजी, आठ जिलों के पुलिस अधीक्षक भी बदले

रायपुर। गृह विभाग की ओर से सोमवार को जारी आदेश के मुताबिक रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आनंद छाबड़ा को गुप्त वार्ता का आईजी बनाया गया है। उनकी जगह 2003 बैच के आईपीएस  ओ.पी. पॉल को रायपुर का नया आईजी बनाकर बुलाया जा रहा है। पॉल अभी दुर्ग रेंज के आईजी हैं। बद्रीनारायण मीणा दुर्ग के आई जी होंगे।  अभी वे दुर्ग के एसएसपी थे।  पुलिस मुख्यालय में डीआईजी  के रूप में पदस्थ बी.एस. ध्रुव को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के बस्तर रेंज का डीआईजी बनाकर जगदलपुर भेजा जा रहा है। वहीं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 19वीं वाहिनी बस्तर में सेनानी डी.के. गर्ग को सशस्त्र बल बिलासपुर रेंज का डीआईजी बना दिया गया है।

आदेश केमुताबिक़ सरगुजा के पुलिस अधीक्षक अमित तुकाराम कांबले को हटाकर माना स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी बटालियन का सेनानी बनाया गया है। मुंगेली के पुलिस अधीक्षक डी.आर. आंचला को भी छसबल की बालोद स्थित 14वीं बटालियन का सेनानी नियुक्त किया गया है। जशपुर के पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल अब जांजगीर-चांपा के एसपी  होंगे। वहीं बलरामपुर के एसपी  रामकृष्ण साहू को सूरजपुर जिले का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। जांजगीर-चांपा से अभिषेक पल्लव को बुलाकर दुर्ग जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं 14वीं बटालियन के सेनानी रहे मोहित गर्ग अब बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक होंगे। सूरजपुर की SP रही भावना गुप्ता को हटाकर सरगुजा का पुलिस अधीक्षक बना दिया गया है। वहीं चौथी वाहिनी के सेनानी चंद्रमोहन सिंह को मुंगेली जिले का एसपी  बनाकर भेजा जा रहा है। पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे राजेश अग्रवाल को जशपुर जिला पुलिस की कमान सौंपी गई है। सुकमा में एंटी नक्सल ऑपरेशन में एडिशनल एसपी की जिम्मेदारी संभाल रहे अंजनेय वैष्णव अब बीजापुर जिले के पुलिस अधीक्षक होंगे।

इन अफसरों की भी जिम्मेदारी बदली

गृह विभाग ने दुर्ग कोतवाली के नगर पुलिस अधीक्षक जीतेंद्र कुमार यादव को भानुप्रतापपुर का एडिशनल एसपी (ऑपरेशन) बना दिया है। रायगढ़ के सिटी एसपी योगेश कुमार पटेल को एएसपी  (ऑपरेशन) बनाकर दंतेवाड़ा भेजा जा रहा है। जगदलपुर के सिटी एसपी रहे किरण गंगाराम चह्वाण को सुकमा जिले में एएसपी(ऑपरेशन) की जिम्मेदारी मिली है। वहीं अंबिकापुर में सिटी एसपी रहे पुष्कर शर्मा अब नारायणपुर में एएसपी (ऑपरेशन) की जिम्मेदारी संभालेंगे।

छत्तीसगढ़ के 20 आईपीएस  पदोन्नत

राज्य सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के 20 अफसरों को पदोन्नति दी है। इसमें 1990 बैच के राजेश कुमार मिश्रा को विशेष पुलिस महानिदेशक के वेतनमान पर पदोन्नति दी गई है। राजेश कुमार मिश्रा अभी राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला के संचालक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। जनसंपर्क विभाग के आयुक्त दीपांशु काबरा को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक  के वेतनमान पर पदोन्नति दी गई है। आधा दर्जन जिलों के पुलिस अधीक्षक अब डीआईजी स्तर के हो गए हैं।

यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 17 आईएएस अफसरों के ट्रांसफर: पांच नए जिलों के लिए ओएसडी नियुक्त

One Comment
scroll to top