Close

सूडान से भारतीयों को लेकर निकला नेवी शिप सुमेधा:278 नागरिकों को सऊदी अरब के जेद्दाह से एयरलिफ्ट किया जाएगा

खार्तूम-अमेरिका और सऊदी अरब की कोशिशों से अगले 72 घंटे तक सूडान में सिविल वॉर थमा रहेगा। दूसरी तरफ, 4 हजार भारतीयों को निकालने के लिए ऑपरेशन कावेरी शुरू हो चुका है।नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा- पहले बैच में 278 भारतीयों को देश वापस लाया जा रहा है। इसके लिए नेवी का जहाज INS सुमेधा सूडान पोर्ट से सऊदी अरब के जेद्दाह रवाना हो गया है। वहां से इन नागरिकों को एयरलिफ्ट किया जाएगा।सूडान में पैरामिलिट्री फोर्स (RSF) और सेना के बीच 10 दिन से जंग जारी है। दोनों सत्ता पर कब्जा करना चाहते हैं। जंग में 416 लोगों और सैनिकों की मौत हो चुकी है। इसे देखते हुए भारत समेत कई देश वहां से अपने नागरिकों को निकाल रहे हैं।ये सीजफायर लगातार 2 दिनों तक हुई बातचीत का नतीजा है। इन 72 घंटों में दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश की जाएगी। वहीं, बाकी देश अपने नागरिकों को सूडान से निकालने के लिए ऑपरेशन चला रहे हैं। UN के मुताबिक इस लड़ाई में अब तक 427 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3700 लोग घायल हैं।

RSF ने लिखित बयान जारी कर सीजफायर की घोषणा की
एक लिखित घोषणा में RSF ने बताया कि लोगों को सूडान से निकालने और नागिरकों की आवाजाही के लिए लड़ाई को कुछ समय के लिए रोकने का फैसला लिया गया है। इस दौरान लोग अस्पतालों और जरूरत की जगहों पर जा सकते हैं।हालांकि 19 अप्रैल को भी दोनों पक्षों ने सीजफायर की घोषणा थी। इसके बावजूद हमले जारी रहे थे। अमेरिकी विदेश मंत्री ने बताया कि बाहरी लोगों को सूडान से बाहर निकाल रहे काफिलों को लूटा जा रहा है।इसके बावजूद रात से शुरू हुए सीजफायर से कई देश अपने लोगों को निकालने का काम तेजी से कर सकेंगे। अभी तक स्पेन, जॉर्डन, इटली, फ्रांस, डेनमार्क ही अपने लोगों को सूडान से निकाल पाए हैं।

scroll to top