#प्रदेश

रायपुर में 12वीं हिंदी पेपर लीक मामला: फरार आरोपी पर ₹5,000 का इनाम घोषित

Advertisement Carousel

 

रायपुर। रायपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं हिंदी परीक्षा के पेपर लीक मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में फरार चल रहे आरोपी वेणु जंघेल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया है।

जानकारी के मुताबिक, 12वीं कक्षा की हिंदी परीक्षा पहले 14 मार्च को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक की आशंका के चलते इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद बोर्ड ने नई तारीख जारी करते हुए 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा कराई।
सेंट्रल जोन के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस उमेश गुप्ता ने बताया कि आरोपी 14 मार्च से फरार है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपी की सूचना देने या गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब NSUI ने दावा किया कि परीक्षा से पहले ही कुछ सवाल सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुप्स में वायरल हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोर्ड ने सिटी कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी।
इधर, NSUI ने इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया और बोर्ड का घेराव कर निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।