CG Breaking : साय कैबिनेट बैठक में बड़े फैसले: शहरी गैस नीति 2026 को मंजूरी, क्रिकेट अकादमी के लिए जमीन आबंटन

रायपुर। रायपुर में आज मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक में मंत्रिपरिषद ने “छत्तीसगढ़ शहरी गैस वितरण नीति 2026” को मंजूरी दी। इस नीति के तहत प्रदेश में स्वच्छ और सस्ती प्राकृतिक गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे आम उपभोक्ताओं को एलपीजी के मुकाबले किफायती विकल्प मिलेगा। साथ ही पाइपलाइन के जरिए गैस आपूर्ति का विस्तार होगा, जिससे शहरी क्षेत्रों में सुविधाजनक ईंधन व्यवस्था विकसित होगी। इस कदम से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा, निवेश में वृद्धि और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।
० दूसरे महत्वपूर्ण फैसले में मंत्रिपरिषद ने राजनांदगांव के जिला क्रिकेट एसोसिएशन को आधुनिक खेल मैदान और क्रिकेट अकादमी निर्माण के लिए सूर्यमुखी देवी राजगामी संपदा की 5 एकड़ भूमि रियायती दर पर आवंटित करने का निर्णय लिया।
० इसके अलावा, मुख्यमंत्री के स्वेच्छानुदान मद से 6,809 व्यक्तियों और संस्थाओं को लगभग 11 करोड़ 98 लाख 84 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने को मंजूरी दी गई। यह सहायता जरूरतमंदों को राहत और सामाजिक सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदान की जाएगी।
० कैबिनेट ने वर्ष 1988 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारियों संजय पिल्ले, आर.के. विज और मुकेश गुप्ता से जुड़े 26 सितंबर 2019 के पदावनति आदेश को निरस्त करने का भी फैसला लिया। साथ ही 24 सितंबर 2019 के निर्णय को भी रद्द करते हुए उससे जुड़े सभी आदेशों को पूर्व स्थिति में बहाल कर दिया गया है।
सरकार का यह निर्णय प्रशासनिक सुधार, जनहित और विकास को ध्यान में रखते हुए लिया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





