CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदला मिजाज, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का रुख बदल गया है। आसमान में बादल छाने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। शुक्रवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश भी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले चार दिनों तक प्रदेश के सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक, वज्रपात और हल्की बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में भी और गिरावट देखने को मिल सकती है।
पिछले 24 घंटों का मौसम हाल
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई।सबसे अधिक गर्मी दुर्ग में रही, जहां तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।मौसम विभाग ने आज भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे।गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।तापमान लगभग 42 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 30 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम रहने का अनुमान है।
मौसम परिवर्तन की वजह
मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के अनुसार, कश्मीर और आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में चक्रवाती परिसंचरण और छत्तीसगढ़ से होकर उड़ीसा तक फैली द्रोणिका मौसम को प्रभावित कर रही है।
इन मौसमी प्रणालियों के कारण प्रदेश में नमी बढ़ रही है, जिससे गरज-चमक, अंधड़, वज्रपात और हल्की बारिश की स्थिति बन रही है।




