Close

महाराजा चार्ल्स तृतीय के राज्याभिषेक के लिए मुंबई के डब्बा वालों ने भेजी ‘पुनेरी पगड़ी’ और ‘उपरने’

नेशनल न्यूज़। लंदन में 6 मई को होने वाले महाराजा चार्ल्स तृतीय के राज्याभिषेक से पहले मुंबई के डब्बा वालों ने उन्हें परंपरागत ‘पुनेरी पगड़ी’ और ‘उपरने’ उपहार स्वरूप भेजी हैं। ‘पुनेरी पगड़ी’ 19वीं सदी से प्रचलित परंपरागत पगड़ी है जिसे महाराष्ट्र के पुणे क्षेत्र में गौरव और सम्मान का प्रतीक माना जाता है, वहीं ‘उपरने’ पुरुषों द्वारा परंपरागत समारोहों में कंधे पर डाला जाने वाला दुपट्टा है। डब्बा वाले मुंबई में घरों और रेस्तरांओं से दफ्तर तक लोगों को गर्म खाना पहुंचाते हैं। समय पर खाना पहुंचाने की उनकी यह व्यवस्था दुनियाभर में प्रसिद्ध है।

मुंबई डब्बावाला संगठन के अध्यक्ष रामदास करवंदे ने बताया कि इसी हफ्ते उनके कुछ पदाधिकारियों को यहां ब्रिटिश उच्चायोग ने ताज होटल में एक समारोह में आमंत्रित किया था, जहां उन्होंने अधिकारियों को ‘पुनेरी पगड़ी’ और ‘उपरने’ सौंपे। ये अधिकारी इन उपहारों को महाराजा चार्ल्स तृतीय तक पहुंचाएंगे।

scroll to top