#प्रदेश

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के 86वें सम्मेलन में 45 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी

Advertisement Carousel

 

रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंडल मुख्यालय में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल का 86वाँ मंडल सम्मेलन आयोजित किया गया। अध्यक्ष अनुराग सिंह देव की अध्यक्षता में सम्पन्न इस बैठक में आवासीय एवं अधोसंरचना विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर स्वीकृतियाँ प्रदान की गईं।

सम्मेलन में विभिन्न परियोजनाओं के निर्माण कार्य हेतु लगभग 45 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें दीनदयाल आवास कॉलोनी, कोहका (तिल्दा, जिला रायपुर) में 76 आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों के निर्माण के लिए लगभग 10.37 करोड़ रुपये की स्वीकृति शामिल है।

इसी तरह स्ववित्तीय अटल विहार योजना के तहत गिनाबहार (जिला जशपुर) में 97 आवासीय भवनों एवं 7 एकड़ भूमि विकास कार्य के लिए लगभग 17.51 करोड़ रुपये तथा सारधा (लोरमी, जिला मुंगेली) में 200 ईडब्ल्यूएस भवनों एवं 5 एकड़ भूमि विकास कार्य हेतु लगभग 16.94 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई।

बैठक में जीएसटी भुगतान प्रणाली एवं रॉयल्टी क्लीयरेंस प्रमाण पत्र व्यवस्था में एकरूपता लाने के लिए समान मानक प्रक्रिया लागू करने का निर्णय लिया गया। साथ ही दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 के तहत सीधी भर्ती में आरक्षण प्रावधानों को समाज कल्याण विभाग की अधिसूचना के अनुसार यथावत लागू करने पर भी सहमति बनी।

इसके अलावा राज्य शासन के कर्मचारियों के अनुरूप मंडल के कर्मचारियों को पुनरीक्षित महंगाई भत्ता देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। साथ ही क्वींस क्लब ऑफ इंडिया के विकास एवं संचालन हेतु PPP मोड में एजेंसी चयन के लिए निविदा प्रारूप का अनुमोदन किया गया।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 के पहले चार महीनों में मंडल द्वारा लगभग 317 करोड़ रुपये मूल्य की 1647 संपत्तियों का विक्रय किया गया है।