#प्रदेश

त्विषा शर्मा मौत मामला: हाईकोर्ट के आदेश पर होगा दोबारा पोस्टमार्टम, दिल्ली AIIMS की टीम करेगी जांच

Advertisement Carousel

 

जबलपुर। जबलपुर हाईकोर्ट ने त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने साफ कहा कि पोस्टमार्टम मृत देह के सम्मान को ध्यान में रखते हुए किया जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि नई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तय होगा कि शव किसे सौंपा जाएगा।

भोपाल AIIMS की रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं था परिवार

इससे पहले भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में रहने वाली त्विषा शर्मा की मौत के मामले में परिवार ने भोपाल AIIMS में हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाए थे। परिवार का आरोप था कि रिपोर्ट पूरी तरह संतोषजनक नहीं है। इसी को लेकर उन्होंने जिला एवं सत्र न्यायालय में दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की थी, लेकिन सत्र न्यायालय ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी।

बताया जा रहा है कि 13 मई को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) भोपाल में पोस्टमार्टम किया गया था। अब हाईकोर्ट के आदेश के बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) दिल्ली की विशेषज्ञ टीम दोबारा पोस्टमार्टम करेगी।

समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत पर नहीं हुई सुनवाई

मामले में एक और अहम घटनाक्रम सामने आया है। समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर जबलपुर हाईकोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी। उनके वकील ने कोर्ट को बताया कि समर्थ सिंह भोपाल कोर्ट में आत्मसमर्पण करेंगे, जिसके बाद वहां आगे की सुनवाई होगी।

गिरिबाला सिंह की जमानत रद्द करने की मांग

वहीं, त्विषा के परिवार की ओर से गिरिबाला सिंह की जमानत रद्द करने की मांग को लेकर भी हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। इस मामले में सुनवाई करते हुए कोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। अब इस पूरे प्रकरण में अगली सुनवाई 25 मई को होगी।