घर में गूंजी डबल किलकारी: दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया बने जुड़वां बेटों के पेरेंट्स , सोशल मीडिया में जाहिर की ख़ुशी

मुंबई। टीवी इंडस्ट्री के चर्चित कलाकार दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया ने जुड़वां बेटों के जन्म की खुशखबरी साझा की है। इस कपल ने सोशल मीडिया पर एक संयुक्त पोस्ट के जरिए अपने माता-पिता बनने की जानकारी दी।
पोस्ट में कपल ने लिखा, “हमने खुशी मांगी थी, भगवान ने कहा – दोगुनी ले लो। हमें जुड़वां बेटों का आशीर्वाद मिला है।”
इसके साथ ही उन्होंने कैप्शन में अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है और उनकी जिंदगी अब पहले से कहीं ज्यादा खूबसूरत हो गई है। विवेक ने मजाकिया अंदाज में बच्चों को “मेरे करण-अर्जुन” बताया और फैंस से इस नए सफर के लिए प्यार और आशीर्वाद मांगा।
इससे कुछ घंटे पहले ही दिव्यांका और विवेक ने अपना मैटरनिटी फोटोशूट भी सोशल मीडिया पर शेयर किया था। तस्वीरों के साथ दिव्यांका ने भावुक संदेश लिखते हुए कहा कि एक-दूसरे का घर बनने से लेकर अब किसी और के लिए घर बनने तक का यह सफर उनके जीवन का सबसे खूबसूरत अनुभव होने वाला है।
गौरतलब है कि दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया की मुलाकात लोकप्रिय टीवी शो ये है मोहब्बतें के सेट पर हुई थी। दोनों ने 8 जुलाई 2016 को शादी की थी। शादी के करीब 10 साल बाद इस कपल के घर जुड़वां बेटों की किलकारी गूंजी है।





