#प्रदेश

विश्रामपुर मुद्दे पर गरजे दीपक बैज, बोले- “प्रदेश में दो तरह का कानून चल रहा”

Advertisement Carousel

 

रायपुर। विश्रामपुर में कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन और राजनीतिक टकराव को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। रायपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैज ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है और कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। इस दौरान पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र तिवारी भी मौजूद रहे।

“कांग्रेस का गढ़ होने के कारण रोका गया चुनाव”

दीपक बैज ने कहा कि 25 से 27 मई तक कांग्रेस ने सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाने के सामने धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत का चुनाव जानबूझकर रोका गया, क्योंकि यह क्षेत्र कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है और भाजपा उपचुनाव में बैकफुट पर है।

बैज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष और उनकी पत्नी के साथ भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने दुर्व्यवहार किया। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष के दबाव में कांग्रेस नेता के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर दी गई। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास इस मामले में कोई ठोस सबूत नहीं है और पूरी कार्रवाई एकतरफा की गई।

“धरने के बाद दर्ज हुई एफआईआर”

बैज ने कहा कि जब कांग्रेस ने विरोध शुरू किया तो पहले दो दिन तक प्रशासन की ओर से कोई पहल नहीं हुई। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने आमरण अनशन शुरू किया। उन्होंने दावा किया कि धरने और अनशन के दबाव के बाद रात करीब 12 बजे भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रदेश में दो तरह का कानून चल रहा है? एफआईआर दर्ज करवाने के लिए कांग्रेस को धरने पर बैठना पड़ा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन को लगातार धमकाया जा रहा है।

मोबाइल चोरी मामले पर सरकार को घेरा

दीपक बैज ने अपने मोबाइल चोरी के मामले को लेकर भी सरकार और पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अन्य मामलों में पुलिस तेजी से कार्रवाई करती है, लेकिन उनका मोबाइल अब तक बरामद नहीं किया जा सका।

उन्होंने कहा कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक का मोबाइल मिल गया और भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ठगी करने वाले आरोपी भी पकड़ लिए गए, लेकिन उनके मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में लूट, चोरी, गोलीबारी और चाकूबाजी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।

बैज ने भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विधायक ने तहसीलदार के साथ मारपीट की, लेकिन सरकार इस मामले में कार्रवाई करने से बच रही है।