#प्रदेश

सुशासन शिविर में गरमाया माहौल: कांग्रेस के चोर चोर के नारों पर भड़के विधायक धरमलाल कौशिक, वीडियो वायरल

Advertisement Carousel

 

बिलासपुर। बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के गोढ़ी गांव में आयोजित सुशासन तिहार शिविर उस समय विवादों में घिर गया, जब कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, शिविर के दौरान कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदनों पर कार्रवाई नहीं हो रही है और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं है।

कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE), कृषि और विद्युत विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता मंच के सामने पहुंच गए और माइक के जरिए अपनी नाराजगी जताने लगे।

इसी बीच कुछ कांग्रेसियों द्वारा कथित तौर पर “चोर-चोर” जैसे नारे लगाए गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। नारों से नाराज विधायक धरमलाल कौशिक ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और तल्ख टिप्पणियां सुनाई दे रही हैं।

स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद कार्यक्रम को सामान्य रूप से आगे बढ़ाया गया।

हालांकि घटना के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल इस मामले में किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली है।