रायपुर में प्री-मानसून की दस्तक: देर रात बारिश से मिली राहत, 3 दिनों में छत्तीसगढ़ पहुंच सकता है मानसून

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक अब ज्यादा दूर नहीं है। राजधानी रायपुर में सोमवार देर रात हुई तेज बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के भीतर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रवेश की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 11 जून के बाद बारिश की गतिविधियों में और तेजी आ सकती है, जिससे प्रदेश के कई इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है।
11 जून से बढ़ सकती हैं बारिश की गतिविधियां
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि मंगलवार को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। 11 जून के बाद इन गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना जताई गई है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। बस्तर जिले के तोकापाल में 1 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम में बदलाव की वजह क्या?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर ऊपर एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही एक द्रोणिका पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा होते हुए उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तक फैली हुई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यही मौसमी सिस्टम प्रदेश में नमी बढ़ाने और बारिश की गतिविधियों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है।
मंगलवार सुबह से ही रायपुर में आसमान पर बादलों का डेरा बना हुआ है। हालांकि मौसम विभाग ने शहर के लिए किसी विशेष बारिश चेतावनी की घोषणा नहीं की है। राजधानी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मानसून का इंतजार जल्द हो सकता है खत्म
प्री-मानसून बारिश के बाद अब लोगों की नजरें मानसून की औपचारिक दस्तक पर टिकी हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि यदि वर्तमान परिस्थितियां बनी रहीं तो अगले कुछ दिनों में मानसून छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी से और राहत मिलने की उम्मीद है।





