रायपुर में जुटेंगे देश के दिग्गज कैंसर विशेषज्ञ, ‘ऑन्कोस्फीयर 2.0’ में नई उपचार तकनीकों पर होगा मंथन

रायपुर। कैंसर उपचार और अनुसंधान के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों एवं उपचार पद्धतियों पर चर्चा के लिए रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स, रायपुर 13 और 14 जून को राष्ट्रीय ऑन्कोलॉजी सम्मेलन ‘ऑन्कोस्फीयर 2.0’ का आयोजन करने जा रहा है। होटल बैबिलोन इंटरनेशनल में होने वाले इस दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के 300 से अधिक ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ, चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य पेशेवर हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन में मेडिकल, सर्जिकल और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के साथ-साथ प्रिसिजन मेडिसिन, इम्यूनोथेरेपी, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स, टार्गेटेड थेरेपी और रोगी-केंद्रित कैंसर देखभाल जैसे विषयों पर गहन चर्चा होगी। वैज्ञानिक सत्रों, विशेषज्ञ व्याख्यानों, पैनल चर्चाओं और केस-आधारित शिक्षण के माध्यम से कैंसर उपचार के नए आयामों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल्स के प्रबंध निदेशक एवं क्लिनिकल डायरेक्टर डॉ. संदीप दवे ने कहा कि कैंसर देखभाल के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहा है और ऐसे शैक्षणिक मंच विशेषज्ञों के बीच ज्ञान और अनुभव के आदान-प्रदान को बढ़ावा देते हैं। वहीं वरिष्ठ मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. रवि जायसवाल ने कहा कि प्रिसिजन मेडिसिन और इम्यूनोथेरेपी जैसी आधुनिक तकनीकों ने कैंसर उपचार की दिशा बदल दी है और यह सम्मेलन चिकित्सकों को नवीनतम शोध और उपचार पद्धतियों से अवगत कराएगा।
आयोजकों के अनुसार, यह सम्मेलन कैंसर विशेषज्ञों, सर्जनों, रेडिएशन चिकित्सकों, स्वास्थ्य पेशेवरों और मेडिकल छात्रों के लिए ज्ञान साझा करने तथा कैंसर उपचार के भविष्य पर चर्चा का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। छत्तीसगढ़ सहित आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में विशेषज्ञों के इसमें शामिल होने की उम्मीद है।




