छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक का इंतजार: 3 दिन से दहलीज पर अटका, 15 जून तक बस्तर में प्रवेश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून पिछले तीन दिनों से प्रदेश की सीमा के आसपास सक्रिय है और परिस्थितियां इसके आगे बढ़ने के लिए अनुकूल बनी हुई हैं। संभावना है कि 15 जून तक मानसून बस्तर संभाग से छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर सकता है।
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से प्री-मानसून गतिविधियां कमजोर पड़ती दिखाई दे रही हैं, जिसके चलते तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों में कई जिलों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार—
राजनांदगांव में सर्वाधिक तापमान 42.0°C दर्ज किया गया।
पेण्ड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22.8°C रिकॉर्ड हुआ।
गर्मी और उमस के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है, खासकर मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में।
इन इलाकों में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई—
कुसमी – 5 सेमी
ओरछा – 4 सेमी
पिपरिया – 3 सेमी
बड़े बचेली, थानखमरिया – 2-2 सेमी
भैरमगढ़, माकड़ी, ओडगी, पंधरिया और बोड़ला – 1-1 सेमी।
मौसम विभाग ने रविवार को रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।
रायपुर का अनुमानित तापमान:
अधिकतम: 38°C
न्यूनतम: 27°C
तेज हवाएं और वज्रपात की चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है. 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी।अगले 48 घंटों के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ रहेगा। कहीं-कहीं बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी।




