सक्ती में दिल दहला देने वाली वारदात: बेटे ने मां को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, आरोपी हिरासत में

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। डभरा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक बेटे ने अपनी ही मां की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान भेड़िकोना गांव निवासी तिहारिन बाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देर रात मां और बेटे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर बेटे ने गुस्से में आकर मां के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों और आसपास के लोगों के पहुंचने तक उसकी हालत बिगड़ चुकी थी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डभरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को भी हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




