#प्रदेश

छत्तीसगढ़ के पहले रैप स्टार एप्पी राजा का निधन, संगीत जगत में शोक की लहर

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ी रैप संगीत को नई पहचान दिलाने वाले प्रदेश के पहले चर्चित रैप सिंगर एप्पी राजा (चेतन चांडक) का सोमवार को रायपुर एम्स में निधन हो गया। लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे एप्पी राजा ने उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से प्रदेश के संगीत प्रेमियों और प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार 16 जून को कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में किया जाएगा।

एप्पी राजा का असली नाम चेतन चांडक था। वर्ष 1994 में जन्मे चेतन ने बेहद संघर्षपूर्ण परिस्थितियों में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने महज 13-14 वर्ष की उम्र से रैप गीत लिखना शुरू कर दिया था। स्कूल के दिनों में लिखा गया उनका पहला रैप आगे चलकर उनकी पहचान बना।

‘टूरा भोको लोलो’ से मिली थी पहचान

एप्पी राजा को सबसे बड़ी पहचान उनके लोकप्रिय रैप गीत ‘टूरा भोको लोलो’ से मिली। आर्थिक तंगी के कारण शुरुआती दौर में वे अपने गीत रिकॉर्ड नहीं कर पाए, लेकिन वर्ष 2015 में पंजाब की एक म्यूजिक कंपनी से मिले अवसर ने उनकी जिंदगी बदल दी। गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लाखों लोगों ने इसे पसंद किया।

संघर्षों के बीच तय किया सफलता का सफर

कांकेर के एक निजी स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने अपना पहला रैप लिखा था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्हें पढ़ाई के साथ संघर्ष भी करना पड़ा। पिता की बीमारी के बाद उन्होंने गुजरात के सूरत में नौकरी तक की, लेकिन संगीत के प्रति जुनून उन्हें फिर वापस अपने सपनों की ओर खींच लाया।

पंजाब में संगीतकार अक्स और उनके गुरु सरजीत शानू के सहयोग से उन्होंने अपने संगीत करियर को नई दिशा दी। स्टूडियो में दिन-रात मेहनत कर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई और छत्तीसगढ़ी रैप को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया।

देशभक्ति और प्रेरणादायक गीतों के लिए भी रहे चर्चित

एप्पी राजा ने केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र से जुड़े विषयों पर भी रैप गीत बनाए। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को समर्पित रैप ‘ट्रिब्यूट टू डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम’, शहीद भगत सिंह पर ‘सच्चा वीर’ और स्वतंत्रता दिवस पर आधारित कई प्रेरणादायक गीतों को अपनी आवाज दी।

उनके निधन से छत्तीसगढ़ के संगीत जगत ने एक प्रतिभाशाली कलाकार को खो दिया है, जिसने अपने संघर्ष, मेहनत और अनोखी शैली से लाखों युवाओं को प्रेरित किया।