Big News : बलौदाबाजार में ACB-EOW की बड़ी दबिश, शराब कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी, अहम दस्तावेज जब्त

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले की जांच के बीच एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब कारोबारी के ठिकानों पर छापा मारा। अधिकारियों ने कई घंटों तक दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त कर अपने कब्जे में ले लिए।
जानकारी के अनुसार ACB और EOW की संयुक्त टीम ने शहर के कान्हा विहार स्थित कारोबारी अहिंदर के निवास समेत उससे जुड़े अन्य ठिकानों पर दबिश दी। सुबह शुरू हुई कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कारोबारी से पूछताछ की और उसके वित्तीय लेनदेन, व्यवसायिक गतिविधियों तथा आय-व्यय से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की।
सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियों ने रजिस्टर, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की। कार्रवाई के दौरान कई अहम दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं, जिनका विश्लेषण किया जा रहा है।
शराब घोटाले से जुड़े कनेक्शन की जांच
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां कारोबारी के संभावित संबंधों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही हैं। जब्त दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न संपर्कों और कारोबारी गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। माना जा रहा है कि जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आने वाले दिनों में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
अधिकारियों ने नहीं दी आधिकारिक जानकारी
हालांकि कार्रवाई को लेकर ACB और EOW की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हैं और दस्तावेजों की छानबीन जारी है।
फिलहाल पूरी कार्रवाई को शराब कारोबार से जुड़े वित्तीय मामलों की जांच में अहम माना जा रहा है। जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में नए तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।





