भाजपा में बड़ा बदलाव तय! नई टीम और मोदी मंत्रिमंडल विस्तार का रोडमैप तैयार, कई मंत्रियों के बदल सकते हैं विभाग

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के संगठन और केंद्र सरकार में जल्द बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम की घोषणा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इस संबंध में सोमवार देर रात रक्षा मंत्री Rajnath Singh के आवास पर अहम बैठक हुई, जिसमें संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर बदलाव के खाके पर चर्चा की गई। बैठक में नई टीम और संभावित मंत्रिमंडल विस्तार का रोडमैप तैयार किया गया।
नई टीम में दिखेगा पीढ़ी परिवर्तन का संदेश
जानकारी के अनुसार, भाजपा संगठन में इस बार कई नए और उभरते चेहरों को जिम्मेदारी देने की तैयारी है। राज्यों में सक्रिय युवा नेताओं और संगठन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं को मौका देकर पार्टी पीढ़ी परिवर्तन का स्पष्ट संदेश देना चाहती है।
मंत्रिमंडल विस्तार में बड़े फेरबदल के संकेत
सूत्रों का कहना है कि मंत्रिमंडल विस्तार केवल नए चेहरों को शामिल करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कई केंद्रीय मंत्रियों के विभागों में भी व्यापक फेरबदल किया जा सकता है। कुछ मंत्रालयों की जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं और प्रदर्शन के आधार पर नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।
इसी महीने हो सकती है घोषणा
भाजपा संगठन और केंद्र सरकार में प्रस्तावित बदलावों की औपचारिक घोषणा इसी महीने किए जाने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक हलकों में इसे 2027 और 2029 के चुनावी समीकरणों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




