#crime #प्रदेश

BREAKING: छत्तीसगढ़ का ‘साइको किलर’ गिरफ्तार, शराब में जहर मिलाकर 8 लोगों को दी दर्दनाक मौत

Advertisement Carousel

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल विकासखंड स्थित खर्वे गांव में हुई रहस्यमयी मौतों का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने पुरानी दुश्मनी, अंधविश्वास, गाली-गलौज और कर्ज से छुटकारा पाने की मानसिकता के चलते आठ लोगों की हत्या कर दी। आरोपी ने शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर लोगों को मौत के घाट उतारा, जबकि एक व्यक्ति गंभीर हालत से उबरकर बच गया।

गांव का ही निकला सीरियल किलर

पुलिस ने मामले में आरोपी राम सहाय जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं। उसने बताया कि हत्या की योजना को अंजाम देने से पहले उसने जहरीले मिश्रण का परीक्षण एक कुत्ते पर किया था। कुत्ते की मौत होने के बाद उसे विश्वास हो गया कि जहर असरदार है।

शराब में मिलाया जहर, एक-एक कर हुई मौतें

आरोपी ने कथित तौर पर शराब में जहरीला पदार्थ (सुहागा और अन्य तत्व) मिलाकर लोगों को पिलाया। इसके बाद एक-एक कर आठ लोगों की मौत हो गई। मामला लंबे समय तक सामान्य मौत या बीमारी समझा जाता रहा, लेकिन पुलिस की गहन जांच में पूरा षड्यंत्र सामने आ गया।

कब्र खोदकर निकाले गए शव

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई मृतकों के शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच कराई। जांच रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद आरोपी तक पुलिस पहुंच सकी।

पुरानी रंजिश और अंधविश्वास बना वजह

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी कुछ लोगों से पुरानी दुश्मनी रखता था। वह अंधविश्वास से भी ग्रसित था और मानता था कि कुछ लोग उसकी परेशानियों के लिए जिम्मेदार हैं। इसी मानसिकता के चलते उसने हत्या की साजिश रची।

पुलिस कर रही विस्तृत जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने जहरीला पदार्थ कहां से प्राप्त किया और क्या इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।

यह मामला प्रदेश के सबसे सनसनीखेज आपराधिक मामलों में शामिल हो गया है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है।