#प्रदेश

रायपुर में 90 हजार अवैध नल कनेक्शनों पर निगम की नजर, 20 हजार रुपए देकर करा सकेंगे नियमित

Advertisement Carousel

 

रायपुर। रायपुर नगर निगम ने शहर में संचालित अवैध और बिना अनुमति वाले नल कनेक्शनों को वैध बनाने के लिए विशेष नियमितीकरण योजना शुरू की है। इस योजना के तहत घरेलू और व्यावसायिक दोनों प्रकार के अवैध जल कनेक्शनों को निर्धारित शुल्क और जुर्माना जमा कर वैध कराया जा सकेगा।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार शहर में वर्तमान में लगभग 2.21 लाख वैध जल कनेक्शन हैं, जबकि कुल भवनों की संख्या करीब 3.50 लाख है। ऐसे में निगम को आशंका है कि शहर में लगभग 90 हजार अवैध नल कनेक्शन संचालित हो रहे हैं, जिससे निगम को जल राजस्व में भारी नुकसान हो रहा है।

घरेलू कनेक्शन वैध कराने के लिए देना होगा 20,882 रुपए

योजना के तहत अवैध घरेलू नल कनेक्शन को नियमित कराने के लिए 5,000 रुपए नियमितीकरण शुल्क तथा 15,882 रुपए वैध कनेक्शन शुल्क जमा करना होगा। इस प्रकार कुल 20,882 रुपए जमा कर आधा इंच का घरेलू जल कनेक्शन वैध कराया जा सकेगा।

दुकान और व्यवसायिक कनेक्शन के लिए 30,882 रुपए शुल्क

व्यावसायिक या दुकान से जुड़े अवैध जल कनेक्शनों को वैध करने के लिए 15,000 रुपए नियमितीकरण शुल्क और 15,882 रुपए वैध कनेक्शन शुल्क जमा करना होगा। कुल 30,882 रुपए के भुगतान के बाद व्यावसायिक कनेक्शन पूरी तरह वैध माना जाएगा।

16 जुलाई से 15 अक्टूबर तक चलेगी योजना

नगर निगम की यह विशेष योजना 16 जुलाई 2026 से 15 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। वहीं 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इच्छुक उपभोक्ताओं को निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन करना होगा।

अब पूरी प्रक्रिया होगी ऑनलाइन

नगर निगम ने जल कनेक्शन से जुड़ी मैन्युअल व्यवस्था समाप्त कर दी है। नया कनेक्शन लेने या अवैध कनेक्शन को नियमित कराने के लिए नागरिकों को रायपुर नगर निगम वॉटर कनेक्शन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

आवेदन के दौरान मकान स्वामित्व संबंधी दस्तावेज, जैसे रजिस्ट्री, संपत्ति कर रसीद (प्रॉपर्टी टैक्स रसीद) तथा आधार कार्ड समेत आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य होगा।

राजस्व बढ़ाने और अवैध कनेक्शनों पर रोक की पहल

नगर निगम का मानना है कि इस विशेष अभियान से बड़ी संख्या में अवैध जल कनेक्शन वैध होंगे, जिससे निगम के राजस्व में वृद्धि होगी और जल आपूर्ति व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। साथ ही भविष्य में अवैध कनेक्शनों पर सख्त कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है।