Close

द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद के लिए दाखिल किया नामांकन

राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने अपना नामांकन दाखिल कर लिया है। मुर्मू ने संसद भवन में राज्यसभा के सेक्रेटरी जनरल के दफ्तर में नामांकन भरा। प्रस्तावों में खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल थे। नामांकन के दौरान जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, जगन रेड्डी की वाईएसआर कांग्रेस के साथ ही बीजेपी के वरिष्ठ नेता और बीजेपी शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद थे।

लंबी चर्चा के बाद सामने आया मुर्मू का नाम

मंगलवार 21 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजदूगी में बीजेपी मुख्यालय में हुई पार्टी संसदीय दल की बैठक के बाद मुर्मू के नाम का ऐलान किया गया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया था कि बैठक में 20 नामों पर विचार-विमर्श करने के बाद सबने एकमत से पूर्वी भारत से आने वाली आदिवासी महिला नेता द्रौपदी मुर्मू को एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है।

इससे पहले विपक्षी दल यशवंत सिन्हा को अपना संयुक्त उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं। बताया गया है कि यशवंत सिन्हा 27 जून को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन की आखिरी तारीख 29 जून है।18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए मतदान होगा और नतीजों की घोषणा 21 जुलाई को की जाएगी।

मुर्मू की जीत लगभग तय

राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत लगभग तय मानी जा रही है। जीत के आंकड़े से महज कुछ कदम दूर खड़ी एनडीए अब नवीन पटनायक और जगन मोहन रेड्डी के समर्थन के बाद बहुमत के आंकड़े से काफी आगे निकलती दिख रही है। वहीं विपक्ष जादुई आंकड़े से काफी पीछे नजर आ रहा है। जिसका सीधा मतलब है कि द्रौपदी मुर्मू ही भारत की अगली राष्ट्रपति हो सकती हैं।

झारखंड की राज्यपाल रही है मुर्मू

द्रौपदी मुर्मू का जन्म ओडिशा आदिवासी जिले मयूरभंज के रायरंगपुर गांव में हुआ। द्रौपदी मुर्मू झारखंड की पहली महिला राज्यपाल भी रह चुकी हैं। 18 मई 2015 से 12 जुलाई 2021 तक झारखंड के राज्यपाल पद पर रहीं। द्रौपदी मुर्मू ओडिशा की पहली महिला और आदिवासी नेता हैं, जिन्हें राज्यपाल नियुक्त किया गया था। मुर्मू 2013 में बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में एसटी मोर्चे की सदस्य रहीं। 10 अप्रैल 2015 तक उन्होंने यह पद संभाला था। वह 2013 में ओडिशा के मयूरभंज की जिला अध्यक्ष निर्वाचित हुईं थी। वह 2010 में भी जिला अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं।

 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ रहे कोरोना मरीज, आज 100 से अधिक नए संक्रमितों की पुष्टि

One Comment
scroll to top