ओलंपिक 2036 के संकल्प को मिली नई उड़ान: नवा रायपुर में 2036 पौधों का रोपण, खिलाड़ियों का सम्मान

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में खेल और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नवा रायपुर के ग्राम पलोद में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम में रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के भारत के संकल्प को नई ऊर्जा दी। इस अवसर पर कुल 2036 पौधों का रोपण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वृक्षारोपण अभियान केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रयास नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ, हरित और सशक्त भारत के निर्माण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि भारत ने वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी का दावा प्रस्तुत किया है और इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए 2036 पौधे लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित की जा रही है ताकि युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की सफल मेजबानी का गौरव प्राप्त है। वहीं, बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों ने दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का काम किया है। इस वर्ष बस्तर ओलंपिक में लाखों युवाओं की भागीदारी प्रदेश में खेलों के बढ़ते उत्साह का प्रमाण है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और वन विभाग के खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष बजट प्रावधान कर रही है तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानजनक प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जा रही है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में खेलो इंडिया जैसी योजनाओं ने देश में खेल संस्कृति को नई पहचान दी है। वहीं वन मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और खेलों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया, प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण कुमार पाण्डेय, बीएसएफ आईजी संजय पंत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।





