#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय: कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, रायपुर में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।

दंतेवाड़ा और रायगढ़ में हुई भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों में कहीं न कहीं बारिश दर्ज की गई। दंतेवाड़ा और रायगढ़ जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं बुधवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रहा।

मौसम प्रणाली हुई सक्रिय

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक राजस्थान से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) सक्रिय है। इसके अलावा मध्य प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसका प्रभाव छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है।

आज कैसा रहेगा मौसम?

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

अगले दो दिन बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिनों तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है। कुछ क्षेत्रों में तेज गर्जना और बिजली गिरने की भी संभावना है।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में गुरुवार को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने नागरिकों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।