खनिज माफियाओं पर साय सरकार का बड़ा प्रहार: दो महीने में 1,747 कार्रवाई, ₹6.49 करोड़ से ज्यादा जुर्माना वसूला

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सख्त निर्देशों के बाद छत्तीसगढ़ में अवैध खनन के खिलाफ अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य सरकार ने अप्रैल और मई 2026 के दौरान अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए 1,747 प्रकरण दर्ज किए हैं, जबकि 6 करोड़ 49 लाख 50 हजार 903 रुपये से अधिक की दंडात्मक राशि वसूली गई है।
खनिज विभाग द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में 1,487 मामले अवैध परिवहन, 231 मामले अवैध उत्खनन और 29 मामले अवैध भंडारण के सामने आए। सरकार ने खनिजों की पूरी सप्लाई चेन पर निगरानी बढ़ाते हुए माफियाओं पर कड़ा शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
अवैध उत्खनन के मामलों में बलौदाबाजार-भाटापारा जिला सबसे आगे रहा, जहां 44 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके बाद रायपुर (15), कबीरधाम (14) और बालोद (14) का स्थान रहा।
वहीं, अवैध परिवहन के सबसे अधिक 173 मामले रायपुर में दर्ज हुए। इसके बाद जांजगीर-चांपा (162), बिलासपुर (101) और धमतरी (101) में कार्रवाई की गई। अवैध भंडारण के सबसे ज्यादा 8 मामले रायपुर में सामने आए, जबकि दंतेवाड़ा में 4 तथा कांकेर और बिलासपुर में 3-3 मामले दर्ज किए गए।
जुर्माने की बात करें तो अवैध उत्खनन के मामलों में दंतेवाड़ा से सर्वाधिक 55.32 लाख रुपये की वसूली हुई। अवैध परिवहन में रायपुर से 54.69 लाख रुपये और अवैध भंडारण में भी रायपुर से 12.58 लाख रुपये की दंडात्मक राशि वसूली गई।
राज्य सरकार का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और खनिज माफियाओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।





