#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में मानसून हुआ पूरी तरह सक्रिय: अगले 7 दिन भारी बारिश के आसार, 14 जिलों में यलो अलर्ट जारी

Advertisement Carousel

रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अब पूरे छत्तीसगढ़ को पूरी तरह से कवर कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार आज से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। अगले सात दिनों तक कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 14 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

3 जुलाई से और सक्रिय होगा सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर 1.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से 3 जुलाई को उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से रायपुर सहित प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।

रायपुर में बादल और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में बुधवार को भी आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कुसमी में सबसे अधिक 9 सेंटीमीटर, पखांजूर में 7 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा चंद्रपुर, मर्दापाल, गिधौरी और टुंड्रा में 5-5 सेंटीमीटर, शिवरीनारायण, कोटा और दंतेवाड़ा में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि पौड़ी उपरोड़ा, गीदम, सामरी और दोरनापाल में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

14 जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए बलरामपुर, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, कांकेर, कोंडागांव, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, मुंगेली, नारायणपुर, रायगढ़, सूरजपुर और सरगुजा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।