#राष्ट्रीय

ISRO मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही मचा हड़कंप; जांच में निकली फर्जी

Advertisement Carousel

० बेंगलुरु में ISRO मुख्यालय की घंटों तलाशी, डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ता रहा तैनात; साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी

बेंगलुरु। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के बेंगलुरु स्थित मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और बाद में यह धमकी फर्जी साबित हुई।

पुलिस के अनुसार, एहतियात के तौर पर मुख्यालय में मौजूद सभी कर्मचारियों को बाहर निकाला गया और भवन के प्रत्येक हिस्से की गहन जांच की गई। तलाशी अभियान पूरा होने के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की कि परिसर पूरी तरह सुरक्षित है।

बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर ने बताया कि मामले की जांच देश की विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर की जा रही है। साइबर सेल ईमेल की आईपी एड्रेस, भेजने वाले की पहचान और उसके मकसद का पता लगाने में जुटी है। संजयनगर थाना पुलिस पूरे मामले की तकनीकी जांच कर रही है।

हाल ही में फर्जी बम धमकी भेजने वाला हुआ था गिरफ्तार

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले दिल्ली पुलिस ने कई सरकारी संस्थानों और एयर इंडिया की एक उड़ान को फर्जी बम धमकी वाले ईमेल भेजने के आरोप में गाजियाबाद निवासी 36 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। आरोपी वर्ष 2008 से मानसिक बीमारी का इलाज करा रहा है।

29 जून को भेजे गए ईमेल में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), ISRO, न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NPCIL), रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO), नागरिक उड्डयन मंत्रालय समेत कई उच्च सुरक्षा प्रतिष्ठानों में बम होने का दावा किया गया था। नई दिल्ली से न्यूयॉर्क जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान को भी धमकी मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल जांच शुरू की थी।

तकनीकी जांच के दौरान पुलिस ने ईमेल खातों के डिजिटल ट्रेल और उनसे जुड़े मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। उसके घर से कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने के पीछे की मंशा और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।