छत्तीसगढ़ सरकार ने की एल्डरमैनों की नियुक्ति, बस्तर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के निकायों में जारी हुए आदेश

० रायपुर और सरगुजा के बाद अब तीन और संभागों के नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में मनोनीत पार्षद नियुक्त
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों में एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करते हुए बस्तर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के लिए नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी इस आदेश के साथ ही लंबे समय से लंबित मनोनयन प्रक्रिया को गति मिल गई है।
इससे पहले सरकार रायपुर और सरगुजा संभाग के 32 शहरी निकायों के लिए एल्डरमैन नियुक्त कर चुकी है। इनमें रायपुर नगर निगम में सर्वाधिक 11 एल्डरमैन मनोनीत किए गए थे।
गौरतलब है कि नगरीय निकायों में एल्डरमैनों की नियुक्ति का काफी समय से इंतजार किया जा रहा था। नए आदेश जारी होने के बाद संबंधित निकायों में मनोनीत पार्षदों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है, जिससे स्थानीय निकायों के प्रशासनिक कार्यों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।









