5 साल बाद बदला बस्तर का पुलिस मुखिया, आईपीएस बीएन मीणा ने संभाली IG की कमान

० पूर्व IG सुंदरराज पी जल्द होंगे NIA के लिए रिलीव, नक्सल मोर्चे पर अनुभवी अधिकारी को मिली जिम्मेदारी
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर रेंज में करीब पांच साल बाद पुलिस नेतृत्व में बड़ा बदलाव हुआ है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बद्रीनारायण (बीएन) मीणा ने बस्तर रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक (IG) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने पी. सुंदरराज का स्थान लिया है, जिन्हें भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में आईजी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके एक-दो दिन में एनआईए के लिए रिलीव होने की संभावना है।
पदभार संभालने से पहले बीएन मीणा नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय (PHQ) में आईजी (प्रशासन एवं चयन) के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी बीएन मीणा इससे पहले वर्ष 2012-13 में बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) भी रह चुके हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कार्य का उनका अनुभव उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए मजबूत दावेदार बनाता है।
बीएन मीणा को वर्ष 2023 में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (PPMDS) से सम्मानित किया जा चुका है। वे दुर्ग रेंज के आईजी, दुर्ग एसएसपी सहित प्रदेश के कई जिलों में एसपी के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। राज्य के सर्वाधिक जिलों में एसपी रहने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है।
वहीं, पूर्व आईजी पी. सुंदरराज पिछले पांच वर्षों से लगातार बस्तर रेंज की कमान संभाल रहे थे। उन्होंने अपने करियर के दौरान बस्तर में एएसपी, एसपी, डीआईजी और आईजी जैसे विभिन्न पदों पर करीब 14 वर्षों तक सेवाएं दीं। अब वे भारत सरकार के अधीन एनआईए में नई जिम्मेदारी निभाएंगे।




