#प्रदेश

छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन झमाझम बारिश के आसार, बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम; रायपुर समेत कई जिलों में अलर्ट

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सभी हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंच चुका है और आषाढ़ लगने के साथ ही प्रदेशभर में बारिश का सिलसिला जारी है। राजधानी रायपुर में गुरुवार को रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही, जिससे लोगों को उमस से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना है, जबकि पूरे प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।

गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, वहीं कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हुई। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 37.5 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग का सिनॉप्टिक सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तर ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) बन गया है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर तक फैला हुआ है, जिसके अगले दो से तीन दिनों में और मजबूत होने की संभावना है।

इसके अलावा मौसमी द्रोणिका उत्तर-पश्चिम राजस्थान से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक उत्तर छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। वहीं 3.1 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विंड शियर ज़ोन भी सक्रिय है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं, वज्रपात और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।