जशपुर में बड़ा सड़क हादसा: डायवर्जन पर पलटी यात्री बस, 10 घायल… महिला की हालत गंभीर

० झारखंड से कोरबा जा रही थी बस, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, पुलिस जांच में जुटी
जशपुर।छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। झारखंड से कोरबा जा रही एक यात्री बस डायवर्जन पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 10 यात्री घायल हो गए, जबकि एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, श्री जय बालाजी बस (CG 14 G 0170) शुक्रवार सुबह झारखंड के रामगढ़ से यात्रियों को लेकर कोरबा जा रही थी। इसी दौरान कुनकुरी थाना क्षेत्र के टांगरपानी के पास बने डायवर्जन पर बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुनकुरी भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे में करीब 10 यात्री घायल हुए हैं। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका डॉक्टरों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और डायवर्जन पर चालक का नियंत्रण खो देना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।





