खेत की रखवाली बनी मौत का कारण: करंट की चपेट में आकर पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, गांव में मातम

० फसल बचाने के लिए खेत में लगाया था बिजली का तार, बेटे को बचाने पहुंचे पिता ने भी गंवाई जान; एक साल में दूसरी ऐसी घटना
कवर्धा।छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में खेत की सुरक्षा के लिए लगाया गया बिजली का करंट पिता-पुत्र की मौत का कारण बन गया। फसल को मवेशियों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर लगाए गए करंटयुक्त तार की चपेट में आने से पहले बेटे और फिर उसे बचाने पहुंचे पिता की मौके पर ही मौत हो गई। हृदय विदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र के बिरनपुर गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। खेत में करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से 22 वर्षीय किसान परमेश्वर पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।
बेटे को बचाने के दौरान पिता की भी मौत
जानकारी के मुताबिक, परमेश्वर ने अपनी फसल को आवारा मवेशियों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर बिजली का तार लगाया था, जिसमें करंट दौड़ रहा था। खेत में काम करने के दौरान वह अचानक उसी तार की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
कुछ देर बाद खेत पहुंचे उसके पिता गोकरण पटेल (55 वर्ष) ने बेटे को जमीन पर अचेत पड़ा देखा। बेटे को बचाने के प्रयास में जैसे ही उन्होंने उसे उठाने की कोशिश की, वे भी करंट की चपेट में आ गए। इस हादसे में उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने दोनों को बेसुध हालत में देखा और तुरंत ग्राम कोटवार व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिजली आपूर्ति बंद कराई और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र किराए पर खेत लेकर खेती-किसानी करते थे। एक ही परिवार के दो कमाऊ सदस्यों की एक साथ मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि बिरनपुर गांव में पिछले एक वर्ष के भीतर खेतों में करंट लगाने से मौत का यह दूसरा मामला है। इसके बावजूद लोग सबक नहीं ले रहे हैं। पुलिस ने किसानों से फसल की सुरक्षा के लिए करंट का इस्तेमाल न करने और सुरक्षित विकल्प अपनाने की अपील की है।





